प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गिफ्ट डिप्लोमेसी’ उनके अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने का एक अनूठा तरीका बन चुकी है। यह न सिर्फ मेजबान देशों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है, बल्कि भारत की समृद्ध हस्तकला, परंपरा और कारीगरी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में भी सहायक है। बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को फ्रांस की दो दिन की अपनी यात्रा समाप्त कर अमेरिका के लिए रवाना हो गए। वही , यूरोपीय देश में एक बार फिर उनकी ‘गिफ्ट डिप्लोमेसी’ की खूब चर्चा है।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों को दिए विशेष भारतीय उपहार
फ्रांस की अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों को विशेष भारतीय उपहार दिए, जो भारत की सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाते हैं। इसके अलावा, अमेरिका रवाना होने से पहले उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस से मुलाकात के दौरान उनके बच्चों के लिए भी भारतीय परंपरा से जुड़े उपहार भेंट किए।
पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को तोहफे में दी डोकरा कलाकृति
पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को तोहफे में डोकरा कलाकृति दी है, जिसमें वाद्ययंत्र बजाती महिलाओं की दो मूर्तियां हैं। प्रतिष्ठित डोकरा कला छत्तीसगढ़ की एक प्रमुख धातु-ढलाई परंपरा है, जो प्राचीन मोम तकनीक का उपयोग करके बनाई जाती है। इस कलाकृति में पारंपरिक संगीतकारों को वाद्य यंत्र बजाते दिखाया गया है, जो संगीत के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालती है। पीतल और तांबे से बनी इस कलाकृति में बारीक कारीगरी है, जो कारीगरों के गहरे कौशल और समर्पण को दर्शाती है। सजावट के अलावा, यह डोकरा कलाकृति भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
फ्रांस की प्रथम महिला को उपहार में पीएम मोदी ने दिया एक सुंदर टेबल मिरर
फ्रांस की प्रथम महिला को उपहार में पीएम मोदी ने एक सुंदर टेबल मिरर दिया है, जिस पर चांदी का काम है। राजस्थान का यह उत्कृष्ट चांदी का हैंड-इंजीनियर टेबल मिरर उत्कृष्ट शिल्प कौशल और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। इसके सिल्वर फ्रेम में फूलों और मोर को दर्शाया गया है, जो सुंदरता-प्रकृति का प्रतीक है। एक शानदार चमक के लिए इस पर पॉलिश की गई है, यह टेबल मिरर राजस्थान की धातुकला की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति के बच्चों के लिए भी भारतीय परंपरा से जुड़े उपहार किए भेंट
पीएम मोदी फ्रांस में अमेरिका के उपराष्ट्रपति से भी मिले। वह उनके बेटे विवेक वेंस के लिए लकड़ी का रेलवे खिलौना सेट ले गए थे। इस खिलौने को लकड़ी से तैयार किया गया है और पर्यावरण के अनुकूल वनस्पति रंगों से इसे रंगा गया है।
उपराष्ट्रपति के दूसरे बेटे इवान ब्लेन वेंस को भारतीय लोक चित्रकला पर आधारित जिगसॉ पजल किया भेंट
उपराष्ट्रपति के दूसरे बेटे इवान ब्लेन वेंस को उन्होंने भारतीय लोक चित्रकला पर आधारित जिगसॉ पजल उपहार में दिया। यह पजल विभिन्न लोक चित्रकला शैलियों को प्रदर्शित करता है और भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत को दिखाता है।
बेटी मिराबेल रोज वेंस के लिए वह लकड़ी का एल्फाबेट सेट किया भेंट
जे.डी. वेंस की बेटी मिराबेल रोज वेंस के लिए वह लकड़ी का एल्फाबेट सेट ले गए थे। यह एक टिकाऊ, सुरक्षित और आकर्षक शिक्षण उपकरण है, जो मोटर स्किल्स और संज्ञानात्मक क्षमताओं को बढ़ाता है। प्लास्टिक के विकल्पों के विपरीत, यह हानिकारक रसायनों से मुक्त है और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है।


Download Android App
Download iOS App



