महिला दिवस पर PM MODI का सोशल मीडिया महिलाओं के नाम

Summary :

महिला दिवस पर पीएम मोदी ने महिलाओं को सौंपी सोशल मीडिया की कमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कहा कि इस बार महिला दिवस पर उनके सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी। पीएम मोदी ने देश के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाली महिलाओं को भी याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के योगदान का जिक्र करते हुए कहा, “हंसा मेहता जी ने हमारे राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण से लेकर उसके लिए बलिदान देने वाली देश भर की महिलाओं के योगदान को सामने रखा था। उनका मानना था कि हमारे तिरंगे में केसरिया रंग से भी ये भावना उजागर होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया था कि हमारी नारी शक्ति भारत को सशक्त और समृद्ध बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देगी – आज उनकी बातें सच साबित हो रही हैं। आप किसी भी क्षेत्र पर नजर डालें तो पाएंगे कि महिलाओं का योगदान कितना व्यापक है।”

इसके बाद पीएम ने अनूठी पहल का खुलासा किया। पीएम मोदी ने कहा, “इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी शक्ति को समर्पित होगी। इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट जैसे एक्स, इंस्टाग्राम के अकाउंट्स को देश की कुछ इंस्पायरिंग वीमेन को, एक दिन के लिए सौंपने जा रहा हूँ। ऐसी वीमेन जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, इनोवेशन किया है, अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 8 मार्च को, वो, अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “प्लेटफॉर्म भले ही मेरा होगा, लेकिन वहां उनके अनुभव, उनकी चुनौतियाँ और उनकी उपलब्धियों की बात होगी। यदि आप चाहती हैं कि ये अवसर आपको मिले, तो नमो एप पर बनाए गए विशेष फोरम के माध्यम से, इस प्रयोग का हिस्सा बनें और मेरे एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट से, पूरी दुनिया तक, अपनी बात पहुंचाएँ, तो आइए, इस बार महिला दिवस पर हम सब मिलकर अदम्य नारी शक्ति को सेलिब्रेट करें, सम्मान करें, नमन करें।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.