मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी का सुझाव देशवासियों के लिए उपयोगी: धर्मेंद्र प्रधान

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी का सुझाव: खाने के तेल में 10% कटौती करें

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को अंगुल टाउन हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम के महत्व पर चर्चा करते हुए इसे देशवासियों के बीच संवाद और प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बताया।

धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया से बात करते हुए आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने खाने के तेल में 10% कटौती की सलाह दी है। वहीं पर्यावरण और वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कई अहम बातें की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा परीक्षाओं को देखते हुए बच्चों को बिना किसी दबाव के सहजता से परीक्षा देने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने हमारे देश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की प्रगति के बारे में बात की और अंतर्राष्ट्रीय एआई सम्मेलन में भारत की भूमिका को याद किया। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह सुझाव बहुत उपयोगी है। आज की मन की बात ने देश में एक नया अध्याय लिखा है।

वहीं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम की अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले कार्यकाल से एक नई शुरुआत की है। वह राजनीति से ऊपर उठकर देशवासियों द्वारा अर्जित उपलब्धियों की चर्चा करते हैं। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले ऐसे लोगों का उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिन्होंने समाज के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी हर महीने ‘मन की बात’ के माध्यम से समसामयिक विषयों पर देशवासियों से संवाद करते हैं, जो देश के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। प्रधानमंत्री ने समाज में परिवर्तन लाने वाले ऐसे विषयों को उठाया है, जिन पर ध्यान देना जरूरी है।

वहीं भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि महिला दिवस पर अपने सोशल मीडिया को देश की महिलाओं को समर्पित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल वाकई सराहनीय है। इसके जरिए हमारी नारी शक्ति अपनी जीवन की कहानियां, संघर्ष और उपलब्धियां देश के साथ साझा करेंगी।

भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा कि पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। पिछली लोकसभा में हमने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया, जो भविष्य में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण प्रदान करेगा। हमारी सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण है। वहीं भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम बेहद प्रभावकारी था। उन्होंने पर्यावरण और वन्य जीवों की सुरक्षा के साथ बच्चों की परीक्षा पर चर्चा की। पीएम मोदी हर बात का कार्यक्रम प्रेरणा देने वाला होता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.