PM मोदी का गुजरात दौरा, 77,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Summary :

महीसागर में जलापूर्ति योजनाओं से खत्म होगी पानी की समस्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दौरान जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिससे महीसागर जिले की पेयजल समस्या का समाधान होगा। इन योजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिन के गुजरात दौरे पर पहुंचेंगे। पहले दिन उनका प्रमुख कार्यक्रम दाहोद में आयोजित किया जाएगा, जहां वह राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें महीसागर जिले की भी अनेक योजनाएं शामिल हैं। महीसागर जिले में विशेष रूप से जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री मोदी के करकमलों से होगा। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में वर्षों से चली आ रही पेयजल की समस्या का समाधान होगा और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ तथा पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। इन विकास योजनाओं की कुल लागत करोड़ों रुपए में है, जिससे न केवल जल संकट का समाधान होगा, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के निवासियों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

बैजयंत पांडा के नेतृत्व में बहरीन पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, प्रवासी भारतीयों से की मुलाकात

स्थानीय जनता इन विकास कार्यों के लिए पीएम मोदी और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त कर रही है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा जनहित में उठाए गए कदम वास्तव में सराहनीय हैं और इससे ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को बल मिलेगा। कांति भाई पटेल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि इन योजनाओं के शुरू होने के बाद से हमारे तालुका और जिले के सभी गांवों तथा एक शहर को प्रतिदिन पानी मिल रहा है। हमें शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। सरकार ने इस योजना पर करोड़ों रुपए खर्च किए हैं, लेकिन हमारे लिए यह किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। हम इसके लिए सरकार का हृदय से धन्यवाद करते हैं।

रणछोड़ भाई पटेल ने कहा कि इस योजना के तहत 50 से ज्यादा गांव और एक शहर को लाभ मिल रहा है। पहले इस क्षेत्र में पानी की भारी समस्या थी, लेकिन अब यह समस्या धीरे-धीरे खत्म होने लगी है। इससे तालुका की पानी की कमी पूरी तरह से दूर हो गई है और सभी को पीने का पानी अच्छी तरह मिल रहा है। सरकार ने इसके लिए करोड़ों रुपए खर्च कर योजना बनाई है, जिसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आभारी हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.