पटना : श्री हरिमंदिर साहिब प्रबंधन कमिटी की13 जुलाई को होने वाले चुनाव को लेकर सियासी माहौल अपने चरम पर है। चुनाव में खड़े वर्तमान महासचिव स. सजेन्दर सिंह, स. महेन्द्र पाल सिंह ढि़ल्लन, स. मनप्रीत सिंह, स. शेर सिंह, स. महेन्द्र सिंह छावड़ा, स. अमरजीत सिंह शम्मी सहित सभी 22 प्रत्याशी वोटरों को लुभाने के लिए जोर-आजमाईश में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हालांकि इन 22 में 5-6 प्रत्याशी डमी खड़े हैं। यह चुनाव बिहार राज्य चुनाव प्राधिकरण करा रही है।
निर्वाचन पदाधिकारी सह स्थानीय अनुमंडल पदाधिकारी राजेश रौशन बनाये गये हैं। पांच हलकों के सिख अपने मताधिकार का प्रयोग कर पांच प्रबंधन समिति के सदस्यों का चुनाव करेंगे। 14 सदस्यीय प्रबंधन कमिटी में तीन सदस्य को जिला न्यायाधीश सह तख्त के कास्टोडियम नामित करेंगे, शेष बचे छह सदस्य लखनऊ, कोलकाता के सिख सभा एवं शिरोमणि अकाली दल आदि से चुन करआते हैं। सभी जीते सदस्य मिलकर प्रबंधन के पदाधिकारियों का चुनाव करते हैं।
तख्त के संविधान के अनुसार प्रत्येक पांच वर्ष पर चुनाव होने का नियम है। चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क है। चौक थाना के नये इंस्पेक्टर मितेश कुमार ने बताया कि तख्त में चुनावी सरगर्मी तेज है। प्रशासन की नजर चुनाव की हर गतिविधि पर है। बताते चलें कि जिला जज से मनोनीत होने वाले प्रत्याशी भी अपने अपने स्तर से जोड़-तोड़कर रहे हैं।
दो दिन पूर्व सनातनी सिख सभा एवं श्री सनातनी सिख सभा के सदस्यों ने गुरू तेग बहादुर यात्री निवास में प्रशासन के बीच गुप्त मतदान कर अपने प्रतिनिधि स. महाराजा सिंह सोनू एवं स. त्रिलोक सिंह निषाद का निर्वाचन कर दिया है। रही बात जिला जज की तो उन्हें मनोनीत करते हैं या नहीं। यह उन पर निर्भर करता है। बहरहाल पांच हलकों के चुनाव के लिए कुल सात मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। समिति के सदस्य आर एस जीत ने बताया कि चुनाव में कुल 3193 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



