भोपाल : मध्यप्रदेश में कोई गरीब आवासहीन नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना में हर गरीब, हर मजदूर को जमीन का पट्टा दिया जायेगा। वर्ष 2023 तक मध्यप्रदेश में रहने वाले हर गरीब व्यक्ति को सरकार पक्का मकान बनाकर देगी। प्रदेश के हर वर्ग को विकास का लाभ मिले, सरकार ने न केवल इसकी शिद्दत से चिंता की है, बल्कि सबके हितों का ध्यान रखकर अनेक योजनाओं के जरिये सभी को सीधा लाभ भी पहुंचाया है। सरकार गरीबी दूर करने के संकल्प को जल्द से जल्द पूरा करने की ओर अग्रसर है।
आगामी एक अप्रैल से 31 मई तक पंजीयन करवाने वाले असंगठित मजदूरों को 13 जून से लाभ वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छतरपुर और पन्ना जिले के असंगठित मजदूरों व तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने असंगठित मजदूर कल्याण योजना के तहत श्रमिकों को पंजीयन कार्ड,
आवास हेतु पट्टों का वितरण तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि, चरण पादुका योजना में महिलाओं को चप्पलें तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किये तथा छतरपुर और पन्ना जिले के करीब 306 करोड़ से अधिक की लागत वाले कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना: मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना की जानकारी देते हुए चौहान ने कहा कि प्रदेश का हर वह व्यक्ति जो आयकर दाता नहीं है, ढाई एकड़ से कम भूमि का मालिक है और शासकीय सेवा में नहीं हैं,
वह सभी इस योजना के दायरे में आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर मजदूर बंधु को आवासीय भूमि और पक्का मकान बनाकर दिया जायेगा। किसी भी गरीब को सरकार आवासहीन नहीं रहने देगी। मजदूरों के बच्चों को मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के हर नागरिक को विकास का सीधा लाभ पहुँचाने की व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गरीब और मजदूर का सरकार नि:शुल्क इलाज कराएगी। आयुष्मान भारत योजना, राज्य बीमारी सहायता कोष, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से गरीबों को इलाज के लिये सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों को 200 रूपये माह की दर से बिजली दी जाएगी। स्व-सहायता समूहों को दीगर काम-धंधों से जोड़ा जाएगा। साथ ही इनके कौशल विकास का काम भी किया जाएगा।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये की पंजाब केसरी अन्य रिपोर्ट


Download Android App
Download iOS App



