मुंबई : पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री एवं राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कई करोड़ रुपए के कथित विमानन घोटाले के कारण सरकारी कंपनी एयर इंडिया को हुए नुकसान से संबंधित धन शोधन मामले की जांच में ईडी के समक्ष पेश होने के लिए बृहस्पतिवार को दूसरी तारीख देने का आग्रह किया।
संघीय एजेंसी ने एक अदालत में हाल में एक आरोप पत्र दायर किया जिसमें कथित विमानन लॉबीस्ट दीपक तलवार को जानने वाले व्यक्ति के रूप में पटेल का भी नाम शामिल है। उन्हें पहले बृहस्पतिवार को एजेंसी के समक्ष पेश होना था। 2004 से 2011 के बीच नागरिक उड्डयन मंत्री रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता के नाम का उल्लेख आरोपी के तौर पर नहीं किया गया है।
पटेल ने कहा, ‘‘मेरी पूर्व की प्रतिबद्धताओं के कारण मैंने ईडी से दूसरी तारीख देने का आग्रह किया है।’’ राज्यसभा के सांसद पटेल का बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा। पटेल ने पूर्व बताया था कि विमानन उद्योग की जटिलताओं को समझने के लिए ईडी का सहयोग करके उन्हें खुशी होगी।


Download Android App
Download iOS App



