कोरोना के कारण स्थगित हुई सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा चार अक्टूबर को : UPSC

Summary :

इसका आयोजन यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए करता है।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने घोषणा करते हुए कहा कि सिविल सेवा की 2020 की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन चार अक्टूबर को किया जाएगा। गौरतलब हो कि यह परीक्षा 31 मई को होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे टाल दिया गया था। साथ ही यूपीएससी ने कहा कि पिछले वर्ष की सिविल सेवा एवं मुख्य परीक्षा के जरिए चुने गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार भी 20 जुलाई से शुरू होगा।
आपको बतादें कि इस साल प्रारंभिक परीक्षा 31 मई को होनी थी लेकिन कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के चलते यह टल गई थी। कार्मिक मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा की नयी तिथि की घोषणा उन संदेहों को दूर कर देगी कि परीक्षा रद्द कर दी गई है।
सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों – प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार- में आयोजित होती है। इसका आयोजन यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए करता है। देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा का हिस्सा बनने के लिए लाखों अभ्यर्थी हर साल इस परीक्षा में शामिल होते हैं।

Desk Team