राष्ट्रपति कोविंद और PM मोदी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर दी बधाई, 1998 पोखरण परीक्षण को किया सलाम

Summary :

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर हमारा राष्ट्र उन सभी लोगों को सलाम करता है जो दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर रहे हैं।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण को याद करते हुए देश के वैज्ञानिकों को इस असाधारण उपलब्धि के लिए सलाम किया है। वहीं प्रधानमंत्री ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर अनेक ट्वीट कर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा कि “1998 के परमाणु परीक्षणों की वर्षगांठ पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई। इस अवसर पर, हम राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में वैज्ञानिक समुदाय के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हैं। हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समावेशी विकास के प्रमुख माध्यमों के रूप में देखते हैं। हमारे वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकीविद् कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई के मोर्चे पर जिस प्रकार युद्धरत हैं, उस पर सभी देशवासियों को गर्व है।”

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर हमारा राष्ट्र उन सभी लोगों को सलाम करता है जो दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम आज ही के दिन वर्ष 1998 में हमारे वैज्ञानिकों द्वारा हासिल की गयी असाधारण उपलब्धि को याद करते हैं। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण था।’’

कोविड-19 : देश में अब तक 2206 लोगों ने गंवाई जान, पॉजिटिव मामलों की संख्या 67 हजार के पार

Desk Team