तिरुपति: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यहां संक्षिप्त दौरे पर पहुंचे। उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में देवता के दर्शन व पूजा-अर्चना की।
तिरुमाला पहाड़ी पर बने मंदिर में उनके साथ आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन और मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी भी थे।
पूजा-अर्चना के बाद रंगनायकुला मंडपम में मंदिर के पुजारियों और दो अन्य पदाधिकारियों ने मोदी को आशीर्वाद दिया।
लोकसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत और सत्ता में वापसी के बाद मोदी पहली बार इस प्रसिद्ध मंदिर में पहुंचे। उनके यहां आगमन को भगवान वेंकटेश्वर को धन्यवाद देने के रूप में देखा जा रहा है।
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सिंघल, संयुक्त कार्यकारी अधिकारी के.एस. श्रीनिवास राजू और अन्य पदाधिकारियों ने मोदी को ‘तीर्थ प्रसादम’ एवं भगवान वेंकटेश्वर की लेमिनेटेड तस्वीर भेंट की।
मालदीव और श्रीलंका के अपने दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद मोदी यहां पहुंचे।
हवाईअड्डे पर उनकी अगवानी राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन, मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी, राज्य के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों ने की। मुख्यमंत्री जगन ने दो बार मोदी के चरण छूने के प्रयास किए, लेकिन उन्हें रोक दिया गया।
तिरुमाला मंदिर जाने से पहले मोदी ने हवाईअड्डे के समीप भाजपा द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे।
मोदी इससे पहले, मई 2014 में प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर और प्रधानमंत्री बनने के बाद अक्टूबर 2015 और जनवरी 2017 में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए थे।


Download Android App
Download iOS App



