नयी दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय कैडट कोर (एनसीसी) के युवाओं को संबोधित किए जाने को लेकर बुधवार को निशाना साधते हुए कहा कि कैडटों के समक्ष राजनीतिक बातें करना मोदी को शोभा नहीं देता तथा ऐसा कर उन्होंने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है। वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के एनसीसी संबोधन मामले की चुनाव आयोग को जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में चुनाव चल रहा है और आचार संहिता लागू है। ऐसे में प्रधानमंत्री ने एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए जो बातें कही हैं उसके दो पहलू हैं। एक तो उन्होंने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है। इस पर चुनाव आयोग जरुर जांच करे। दूसरी बात यह कि एनसीसी कैडट से प्रधानमंत्री ने जो कहा, मैं समझता हूं कि वह प्रधानमंत्री जी को शोभा नहीं देता।’’
गौरतलब है कि एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए मोदी ने मंगलवार को कहा था कि उनकी सरकार ‘‘ऐतिहासिक अन्याय’’ को दुरुस्त करने और पड़ोसी देशों में रह रहे अल्पसंख्यकों से किए गए भारत के ‘‘पुराने वादे’’ को पूरा करने के लिए संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लेकर आई है। उन्होंने इस संदर्भ में महात्मा गांधी की इच्छा और नेहरू-लियाकत समझौते का भी जिक्र किया।
उन्होंने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त किए जाने का जिक्र करते हुए कहा था कि जम्मू कश्मीर में स्वतंत्रता के समय से ही समस्या थी। कुछ परिवारों और राजनीतिक दलों ने इसे ‘‘जीवित’’ रखा जिसके परिणामस्वरूप वहां आतंकवाद पनपा।


Download Android App
Download iOS App



