प्रियंका गांधी बुधवार को दाखिल करेंगी नामांकन पत्र
वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वह कलपेट्टा में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने नामांकन करेंगी। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी का रोड शो
नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी कलपेट्टा नया बस स्टैंड पर सुबह 11 बजे रोड शो करेंगे। इस रोड शो के जरिए वह शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद कलेक्टर के सामने प्रियंका गांधी वाड्रा अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होगा और नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी।
राहुल गांधी ने दो लोकसभा सीटों पर लड़ा था चुनाव
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव 2024 में वायनाड और रायबरेली से चुनाव जीतने में सफल रहे थे। इसके बाद उन्होंने वायनाड से इस्तीफा दे दिया और रायबरेली से सांसद बने रहने का फैसला किया। रायबरेली गांधी परिवार की परंपरागत सीट है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दो लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन अमेठी में उन्हें बीजेपी नेता स्मृति ईरानी के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके बाद, 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए राहुल गांधी को अमेठी से न उतारकर रायबरेली से उतारा और पार्टी की यह रणनीति राहुल गांधी की जीत के रूप में सामने आई।
राहुल गांधी का दोनों सीटों पर जीत दर्ज
इस बार राहुल गांधी दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रहे। बाद में उन्होंने एक सीट से इस्तीफा दे दिया। राहुल गांधी द्वारा वायनाड से इस्तीफा दिए जाने के बाद अब वहां पर उपचुनाव होने जा रहा है। कांग्रेस ने वहां प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि बीजेपी ने नाव्या हरिदास को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद यहां मुकाबला काफी रोचक बनता हुआ नजर आ रहा है।


Download Android App
Download iOS App






