पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

Summary :

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस मॉड्यूल को विदेश में रह रहे भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) द्वारा चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस साजिश को नाकाम कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और विदेश में बनी एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई है। इन ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (पीओएफ) के निशान मिले हैं, जो साफतौर पर सीमा पार से इनके संबंध की ओर इशारा करते हैं। यह…

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

इस मॉड्यूल को विदेश में रह रहे भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) द्वारा चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस साजिश को नाकाम कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और विदेश में बनी एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई है। इन ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (पीओएफ) के निशान मिले हैं, जो साफतौर पर सीमा पार से इनके संबंध की ओर इशारा करते हैं।

यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और गुजरात एटीएस के संयुक्त समन्वित अभियान में हुई। एक आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में पुलिस ठिकानों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाने की बड़ी साजिश रच रहा था। पुलिस की सतर्कता की वजह से इस खतरनाक योजना को समय रहते रोक दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस मॉड्यूल के बाकी सदस्यों की पहचान करने, उनका पता लगाने और गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी हुई है।

पंजाब पुलिस ने कहा कि वह संगठित अपराध और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का सबसे बड़ा लक्ष्य है। इस सफलता से राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की ताकत और तैयारियों का पता चलता है।

पंजाब पुलिस लगातार ऐसे मॉड्यूल्स पर नजर रखे हुए है और समय-समय पर ऐसी कार्रवाइयां कर रही है। वहीं, लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसी साजिशों को पहले ही रोका जा सके।

–आईएएनएस

एबीएमय

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.