पहली बार गैर-सदस्य देश फिलीपींस में क्वाड शिखर सम्मेलन, जानिए कब और क्यों बना यह संगठन?

Summary :

आज यानी 17 नवंबर 2026 को क्वाड के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक फिलीपींस की राजधानी मनीला में हो रही है। यह शिखर सम्मेलन आसियान बैठक के इतर आयोजित किया जा रहा है और इसकी सबसे खास बात यह है कि पहली बार क्वाड की बैठक किसी ऐसे देश में हो रही है जो स्वयं इस समूह का सदस्य नहीं है।

Quad Summit in Manila: फिलिपींस के मनीला में क्वाड मीटिंग चल रही है। चारों देशों के नेता इस मीटिंग में पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच मीटिंग भी हुई है। क्वाड की ग्लोबल स्ट्रेटेजी और पॉलिटिक्स में बड़ी अहमियत है। ऐसे में जानते हैं कि क्वाड आखिर है क्या और वैश्विक स्तर पर बने अन्य संगठनों के इतर इस की क्या अहमियत है?

क्वाड यानी क्वाड्रिलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग, यह दुनिया के 4 प्रमुख लोकतांत्रिक देशों भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का एक अनौपचारिक रणनीतिक मंच और कूटनीतिक संगठन है। यह नाटो जैसा कोई सैन्य गठबंधन नहीं है, बल्कि एक ऐसा समूह है जिसका मुख्य ध्यान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

आज यानी 17 नवंबर 2026 को क्वाड के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक फिलीपींस की राजधानी मनीला में हो रही है। यह शिखर सम्मेलन आसियान बैठक के इतर आयोजित किया जा रहा है और इसकी सबसे खास बात यह है कि पहली बार क्वाड की बैठक किसी ऐसे देश में हो रही है जो स्वयं इस समूह का सदस्य नहीं है।

इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (जिनके दूसरे कार्यकाल की यह पहली क्वाड लीडर्स मीटिंग है), ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के विलमिंगटन में शीर्ष नेताओं की बैठक हुई थी।

क्वाड की अहमियत

वैश्विक राजनीति और सुरक्षा के लिहाज से क्वाड की अहमियत बहुत अहम मानी जाती है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र और दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती आक्रामकता और विस्तारवादी नीतियों पर लगाम लगाने के लिए यह संगठन एक मजबूत रणनीतिक संतुलन बनाता है। दुनिया का एक बड़ा हिस्सा समुद्री व्यापार के लिए हिंद-प्रशांत मार्गों पर निर्भर है, ऐसे में क्वाड इन समुद्री रास्तों को सुरक्षित और सभी के लिए खुला रखने में निर्णायक भूमिका निभाता है।

इसके अलावा, वैश्विक तनावों के बीच किसी एक देश पर निर्भरता कम करने के लिए क्वाड देश सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सप्लाई चेन को सुरक्षित और मजबूत कर रहे हैं। भारत के लिए भी यह मंच बेहद फायदेमंद है, क्योंकि इसके जरिए भारत को वैश्विक कूटनीति में केंद्रीय भूमिका मिलती है और समुद्री निगरानी, उन्नत तकनीक तथा मालाबार नौसैनिक अभ्यास जैसे रक्षा सहयोग में सीधा लाभ पहुंचता है।

कैसे बना क्वाड?

क्वाड संगठन के इतिहास और उद्देश्यों की बात करें तो इसे बनाने का ख़याल सबसे पहले 2004 की सुनामी के बाद मानवीय सहायता के लिए की गई थी, जिसे 2007 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने औपचारिक रूप दिया और 2017 में इसे पुनर्जीवित किया गया।

इस संगठन का सबसे मुख्य उद्देश्य एक ‘मुक्त और खुला हिंद-प्रशांत’ सुनिश्चित करना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत सभी देशों के व्यापार और शिप्स के लिए यह क्षेत्र स्वतंत्र रूप से खुल सके। इसके साथ ही समुद्री डकैती, अवैध मछली पकड़ने और सीमा उल्लंघन को रोकने के लिए रियल-टाइम सैटेलाइट डेटा साझा करना और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करना भी इसके एजेंडे में शामिल है।

आर्थिक मोर्चे पर क्वाड की भूमिका

आर्थिक और तकनीकी मोर्चे पर क्वाड देश 5G और 6G दूरसंचार, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में मानक तय करने के साथ मिलकर शोध कर रहे हैं। विकासशील देशों को पारदर्शी और टिकाऊ बुनियादी ढांचा विकसित करने में मदद करना भी इसका लक्ष्य है, ताकि छोटे देश किसी के ‘कर्ज के जाल’ में न फंसें।

इसके अलावा, ग्रीन एनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा सप्लाई चेन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करने और विज्ञान व तकनीक की फेलोशिप के जरिए युवाओं को जोड़ने की दिशा में भी क्वाड निरंतर काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें – कर्नाटक: मंगलुरु हवाई अड्डे पर बेंगलुरु जाने वाले विमान ने उड़ान रद्द की; वीडियो वायरल

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।