फ्रांस से भारत आ रहे 5 राफेल लड़ाकू विमानों के स्वागत के लिए अम्बाला में तैयारियां पूरी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। राफेल विमान की पहली खेप आज अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन पर दोपहर 1 बजे से लेकर 3 बजे के बीच लैंड करेगी।
विमानों की लैंडिंग के मद्देनजर अम्बाला एयरबेस के पास स्थित 4 गांवों में धारा 144 लागू कर दी गई है। राफेल विमानों की लैंडिंग के दौरान छतों पर लोगों के एकत्र होने और तस्वीरें लेने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। इलाके में विमान के स्वागत के लिए पोस्टर भी लगाए गए है।

अंबाला के उपायुक्त अशोक शर्मा ने एक आदेश में कहा कि धुलकोट, बलदेव नगर, गरनाला और पंजखोड़ा समेत वायु सेना के आसपास के गांवों में धारा 144 लगा दी गयी है। जिसके तहत चार या अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध है। अंबाला के उपायुक्त ने कहा कि निषेधाज्ञा लागू रहने के दौरान वायु सेना केंद्र की चहारदीवारी और आसपास के इलाके का वीडियो बनाने और तस्वीरें लेना प्रतिबंधित है।
वायुसेना प्रमुख आर.के.एस. भदौरिया रणनीतिक और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण अंबाला एयरबेस पर आज दोपहर पांच राफेल विमानों को प्राप्त कर उन्हें भारतीय वायुसेना में शामिल करेंगे। पांच लड़ाकू विमानों का यह बेड़ा आज दोपहर एयरबेस पर पहुंच रहा है।
राफेल विमान भारत द्वारा पिछले दो दशक से अधिक समय में लड़ाकू विमानों की पहली बड़ी खरीद है। इन विमानों के आने से भारतीय वायुसेना की युद्धक क्षमता में महत्वपूर्ण रूप से बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। भारत ने 23 सितंबर 2016 को फ्रांसीसी एरोस्पेस कंपनी दसॉल्ट एविएशन से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 59,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था।


Download Android App
Download iOS App



