कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को जो बाइडेन के अमेरिका का राष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस के उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन को बधाई। मुझे भरोसा है कि वह अमेरिका को एकजुट करेंगे और एक स्पष्ट दिशा का मजबूत भाव प्रदान करेंगे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ उप राष्ट्रपति निर्वाचित हुईं कमला हैरिस को बधाई। हमें इसका गर्व होता है कि अमेरिका की पहली महिला उप राष्ट्रपति की जड़े भारत से जुड़ी हैं।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी बाइडेन और कमला हैरिस के निर्वाचन पर बधाई दी।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को कड़े मुकाबले में हरा दिया। प्रमुख अमेरिकी मीडिया संगठनों की रिपोर्टों में यह जानकारी दी गई है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार पेन्सिलवेनिया राज्य में जीत दर्ज करने के बाद 77 वर्षीय पूर्व उपराष्ट्रपति बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे। इस राज्य में जीत के बाद बाइडेन को 270 से अधिक ‘इलेक्टोरल कॉलेज वोट’ मिल गये जो जीत के लिए जरूरी थे।
पेन्सिलवेनिया के 20 इलेक्टोरल वोटों के साथ बाइडेन के पास अब कुल 273 इलेक्टोरल वोट हो गये हैं।


Download Android App
Download iOS App



