Rahul Gandhi on Neet Exam Cancellation : देश में नीट पेपर लीक को लेकर हंगामा मचा हुआ है. इस बवाल के बीच केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा फैसला लिया है. 3 मई 2026 को हुए नीट एग्जाम को धांधलियों के गंभीर संदेहों के चलते आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है. नीट एग्जाम कैंसिल होने के बाद भारी बवाल मचना शुरू हो गया है. बता दें कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के कार्यकताओं द्वारा भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है.
बता दें प्रदर्शनकारियों ने आज मंगलवार को शिक्षा मंत्रालय का घेराव किया. इसके साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शास्त्री भवन की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए. पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि वे शांत नहीं हुए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. संगठन ने मांग की कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार कोई स्पष्ट निर्णय ले.
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब 20 से 25 एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शिक्षा मंत्रालय के बाहर से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया. बाद में सभी कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने ले जाया गया.
NSUI Protest Outside Shastri Bhawan : संकट में लाखों छात्रों का भविष्य

बता दें, इस साल NEET-UG 2026 परीक्षा में रिकॉर्ड 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे. यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में फैले 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई थी. परीक्षा रद्द होने से उन लाखों मेधावी छात्रों को गहरा धक्का लगा है जिन्होंने दिन-रात एक कर इसके लिए तैयारी की थी.
Rahul Gandhi X Post : राहुल गांधी ने किया ट्वीट
इस बीच प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने इसे लेकर एक्क्स पर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि 22 लाख से अधिक छात्रों के सपनों को भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया है. उन्होंने अपने ट्वीट में पेपर लीक की घटना को सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार कहा. उन्होंने कहा यह सरकार की सिर्फ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है.”
विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस घटना को एक ‘नीलामी’ करार दिया, उन्होंने कहा कि “परीक्षा से 42 घंटे पहले वॉट्सऐप पर प्रश्न बेचे जा रहे थे. 10 सालों में 89 पेपर लीक हुए हैं और 48 बार दोबारा परीक्षाएं करानी पड़ी हैं. मोदी सरकार भारत के युवाओं के सपनों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गई है.”
NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी।
22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया।
किसी पिता ने कर्ज़ लिया,
किसी माँ ने गहने बेचे,
लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की,और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 12, 2026
Neet UG 2026 Paper Leak : एनटीए ने रद्द क्यों की परीक्षा
“केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से NTA द्वारा बाद में जांचे गए इनपुट के आधार पर और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए जांच निष्कर्षों को देखते हुए तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से, 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है. अब यह परीक्षा फिर से आयोजित की जाएगी. नई तिथि की सूचना अलग से दी जाएगी.’
‘NTA को प्राप्त इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए निष्कर्षों को एक साथ देखने पर कंफर्म हो गया है कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी. फिर से आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथियां, और नए सिरे से जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड का कार्यक्रम, आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा.’
यह भी पढ़ें – सात साल बाद भी बच्ची का सुराग नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने गुमला में 2018 से अब तक पदस्थापित अधिकारियों को तलब किया


Download Android App
Download iOS App



