कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘आरोग्य सेतु’ पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह एक अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली है और इससे निजता एवं डेटा की सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है। गौरतलब हो कि सरकार ने कोरोना संक्रमण को ट्रैक करने के लिए आरोग्य सेतु ऐप की शुरुआत की है। खबरों के मुताबिक इस ऐप को करोड़ों लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘‘ आरोग्य सेतु एक अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली है जिसे एक निजी ऑपरेटर को आउटसोर्स किया गया है तथा इसमें कोई संस्थागत जांच-परख नहीं है। इससे डेटा सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं।’’गांधी ने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी हमें सुरक्षित रहने में मदद कर सकती है, लेकिन नागरिकों की सहमति के बिना उन पर नजर रखने का डर नहीं होना चाहिए।’’
इससे पहले कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ‘आरोग्य सेतु’ से जुड़े एक सवाल पर वीडियो लिंक के जरिए संवाददाताओं से कहा, ‘‘आरोग्य सेतु के संदर्भ में कई विशेषज्ञों ने निजता का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस इस विषय पर विचार कर रही है और अगले 24 घंटे में समग्र प्रतिक्रिया देगी।’’


Download Android App
Download iOS App



