कोरोना लॉकडाउन के बीच देश में पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार आसमान छू रहे है। एक दिन के विराम के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों सोमवार को फिर बढ़ोतरी हुई। इसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक कैंपेन की शुरुआत की, जिसमें पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बोलने की अपील की गई है।
उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आइये #SpeakUpAgainstFuelHike campaign से जुड़ें।” बता दें कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस आज राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस आज सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच देश भर में जिला मुख्यालय पर धरना देगी।
आइये #SpeakUpAgainstFuelHike campaign से जुड़ें। pic.twitter.com/oh8AEfqM3y
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 29, 2020
सोमवार को तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में चार-पांच पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है, जबकि डीजल का भाव 11.13 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिया है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का भाव बढ़कर क्रमश: 80.43 रुपये, 82.10 रुपये, 87.19 रुपये और 83.63 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
डीजल का दाम भी चारों महानगरों में बढ़कर क्रमश: 80.53 रुपये, 75.64 रुपये, 78.83 रुपये और 77.72 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इस महीने सात जून से तेल की कीमतों वृद्धि का सिलसिला शुरू हुआ, जिसके बाद 23 दिनों में 22 बार डीजल के दाम में वृद्धि हुई जबकि पेट्रोल की कीमत में 21 बार वृद्धि हुई है।
देश की राजधानी दिल्ली में इस महीने अब तक डीजल के दाम में 11.14 रुपये लीटर इजाफा हुआ है जबकि पेट्रोल की कीमत 9.17 रुपये लीटर बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पेट्रोल से महंगा डीजल हो गया है। उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में नरमी बनी हुई है। अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज; आईसीई पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का सितंबर वायदा अनुबंध पिछले सत्र से 1.34 फीसदी की कमजोरी के साथ 40.38 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था।
वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज; नायमैक्स पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट ; डब्ल्यूटीआई के अगस्त वायदा अनुबंध में पिछले सत्र से 1.61 फीसदी की कमजोरी के साथ 37.87 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। कच्चे तेल के दाम में नरमी के बावजूद तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक दिन स्थिर रखने के बाद फिर बढ़ा दी हैं।


Download Android App
Download iOS App



