प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ से पहले राहुल गांधी ने एक बार फिर लद्दाख विवाद को लेकर सरकार से सवाल किया है। उन्होंने कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि देश की रक्षा और सुरक्षा के बारे में कब बात होगी। राहुल लगातार केंद्र की मोदी सरकार से गलवान घाटी में हुई झड़प को लेकर सवाल कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘कब होगी राष्ट्र रक्षा और सुरक्षा की बात?’’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां तक कि नेपाल ने भी भारत के साथ लगती सीमा पर पहली बार अपनी सेना तैनात कर दी है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही मुमकिन हुआ है।
कब होगी राष्ट्र रक्षा और सुरक्षा की बात?
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 28, 2020
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अब नेपाल ने पहली बार सीमा पर सेना लगाई। मोदी है तो यह भी मुमकिन है…’’ दरअसल सुरजेवाला ने भाजपा के नारे ‘मोदी है तो मुमकिन है…’’ पर चुटकी लेते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने एक समाचार पत्र में छपी खबर को टैग करते हुए कहा कि नेपाल ने पहली बार भारत के साथ सीमा पर अपनी सेना तैनात कर दी है।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा कि गलवान घाटी में नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन के साथ चल रहे तनाव को भारत मित्रता से निभाना जानता है लेकिन यदि कोई उसकी भूमि पर आंख उठाकर देखता है तो इसका उचित जवाब देना भी जानता है। प्रधानमंत्री ने गलवान घाटी में शहीद हुए भारतीय सपूतों को याद करते हुए देश को आश्वस्त किया कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



