कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां कोरोना वायरस के मामलें तेजी से बढ़ रहे हैं और हम लॉकडाउन को हटा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना संकट से निपटने और जरूरतमंदों को मदद देने की उनकी रणनीति के बारे में पूछा?
राहुल गांधी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कहा, गरीबों और मजदूरों को 7500 रूपये की मदद दी जाए और राज्य सरकारों को केंद्र की तरफ से पूरी मदद मिले। ‘‘कुछ सप्ताह पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम 21 दिनों में कोविड को पराजित कर देंगे। यह उनकी उम्मीद थी। लेकिन आज मामले लगातार बढ़ रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘चार चरण के लॉकडाउन हो गए और 60 दिन हो गए। भारत पहला देश है जो बीमारी के बढ़ने पर लॉकडाउन हटा रहा है। यह स्पष्ट है कि देश में लॉकडाउन का उद्देश्य और लक्ष्य विफल हो गया है। भारत लॉकडाउन के परिणाम का सामना कर रहा है। जो लक्ष्य मोदी जी का था, वह पूरा नहीं हुआ है।’’
तबलीगी जमात मामले में दिल्ली पुलिस ने 83 विदेशी नागरिकों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से सवाल किया, ‘‘हम पूछना चाहते हैं कि अब आप की रणनीति क्या है? लॉकडाउन को आप किस तरह से देखते हैं? गरीबों, मजदूरों और एमएसएमई की कैसे मदद करेंगे?’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हम कांग्रेस शासित राज्यों में गरीबों और किसानों को पैसे दे रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार की ओर से उचित मदद के बिना राज्य अपना कामकाज नहीं कर सकते।’’
गौरतलब है कि देश भर में 25 मार्च से लॉकडाउन चल रहा है। शुरू में इसे 21 दिनों के लिए लागू किया गया लेकिन उसके बाद इसे तीन बार बढ़ाया गया है और वर्तमान में चौथे चरण का लॉकडाउन 31 मई तक जारी रहेगा। बावजूद इसके देश में कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 45 हज़ार को पार कर गया है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 4167 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



