केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे 15 साल तक यहां से सांसद रहे लेकिन अमेठी के विकास के लिए नहीं सोचा। केवल मुंशीगंज में अपना गेस्ट हाउस बनाया। मुंशीगंज में जन संवाद कार्यक्रम के दौरान जब ग्रामीणों ने पानी निकासी के लिए नालों के निर्माण का मुद्दा रखा तो स्मृति ईरानी ने कहा कि मुझे तो अभी साढ़े चार साल (सांसद चुने जाने के) हुए हैं, लेकिन यहां से 15 साल तक राहुल गांधी सांसद रहे पर उनके द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ईरानी का आरोप, केवल कागज पर होते रहे काम
स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया, ‘‘विकास के विषय में उन्होंने (राहुल गांधी) सोचा ही नहीं, केवल मुंशीगंज में अपना गेस्ट हाउस बनाया। दस साल तक केंद्र में उनकी सरकार रही पर अमेठी के विकास पर सोचा तक नहीं। यहां केवल कागज पर काम होते रहे।’’ स्मृति ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी तो अमेठी में ठीक से एक नाला भी नहीं बनवा पाए।’’ ईरानी ने कहा, ‘‘ भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अमेठी में धरातल पर काम हुआ है विकास कार्यों को तेजी के साथ पूरा किया गया और किया जा रहा है। अमेठी निरंतर विकास के पथ अग्रसर है।’’
केंद्रीय मंत्री ने लोगों की सुनीं समस्याएं
स्मृति ईरानी ने आज रामदेवपुर, मुंशीगंज, सराय खेमा, लोनिया पुर, पीठीपुर में जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश दिया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पराजित कर दिया था।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




