राहुल गांधी : विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 21 अगस्त को दो दिन के जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे। इसकी जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने बताया कि 21 और 22 अगस्त को राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ’21 और 22 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण बैठकों के लिए जम्मू और श्रीनगर का दौरा करेंगे।’
Highlight :
- दो दिन के जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे राहुल गांधी
- आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए होगी महत्वपूर्ण बैठक
- जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में होंगे मतदान
राहुल गांधी का दो दिवसीय कश्मीर दौरा
बता दें कि हाल ही में चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। घाटी से आर्टिकल 370 हटाए जाने के 10 साल बाद यहां चुनाव होंगे। जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में 18 सितंबर, दूसरे चरण की वोटिंग 25 सितंबर, आखिरी और तीसरे चरण के लिए एक अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि, चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर होंगे मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया था कि जम्मू-कश्मीर में कुल 87.09 लाख मतदाता हैं। इनमें 42 लाख 62 हजार महिला मतदाता हैं। वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या 44.46 लाख है। यहां पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख है। जबकि, कुल मिलाकर 20.7 लाख युवा मतदाता है जिनकी आयु 20 से 29 वर्ष के बीच है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस 90 सीटों पर अपने दम पर लड़ेगी चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि जम्मू कश्मीर की पार्टियों ने सुरक्षा को लेकर निवेदन किया था। इसको देखते हुए फैसला लिया गया है कि प्रत्येक चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने हाल ही में कहा था कि किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं होगा और नेशनल कॉन्फ्रेंस 90 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी गठबंधन किया था।


Download Android App
Download iOS App



