झारखंड की एक चुनानी सभा में ‘रेप इन इंडिया’ वाली राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को संसद के भीतर और बाहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला और माफी की मांग की जिस पर गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘दिल्ली को रेप कैपिटल बताने’, ‘अर्थव्यवस्था तबाह करने’ और ‘पूर्वोत्तर को जलाने’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
Modi should apologise.
1. For burning the North East.
2. For destroying India’s economy.
3. For this speech, a clip of which I’m attaching. pic.twitter.com/KgPU8dpmrE
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 13, 2019
गांधी ने माफी मांगने से इनकार किया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश में हिंसा फैला रहे हैं। गौरतलब है कि बलात्कार पर राहुल की कथित टिप्पणी को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा सदस्यों ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से माफी की मांग करते हुए हंगामा किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पहले लोकसभा और फिर चुनाव आयोग का रुख कर गांधी पर जमकर हमला बोला और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गांधी पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि कांग्रेस नेता के बयान से पूरा देश आहत हुआ है, उन्हें माफी मांगनी चाहिए और ऐसे बयान देने वाले सदस्य को सदन में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा के हमलों के बीच राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक माफी की बात है तो मैं कभी इनसे माफी मांगने वाला नहीं हूं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ मैं स्पष्ट कर दूं कि मैंने क्या बोला। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि ‘मेक इन इंडिया’ होगा। हमने सोचा कि अखबारों में ‘मेक इन इंडिया’ दिखाई देगा, लेकिन आज जब हम अखबार खोलते हैं तो हमें सब जगह ‘रेप इन इंडिया’ दिखाई देता है। भाजपा शासित एक भी राज्य नहीं है जहां दिनभर महिलाओं पर अत्याचार नहीं होते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य मुद्दा आज यह है कि भाजपा ने और मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर को जलाया है। उस मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए मोदी जी और भाजपा मुझे लेकर यह बोल रहे हैं।’’
गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी जी हिंसा का प्रयोग करते है, हिंसा फैलाते हैं और आज पूरे देश में हिंसा है। महिलाओं पर हिंसा हो रही है। उत्तर पूर्व राज्यों में हिंसा हो रही है। कश्मीर में हिंसा हो रही है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी को यह जवाब भी देना चाहिए कि उन्होंने हिन्दुस्तान की ‘‘अर्थव्यवस्था को क्यों नष्ट कर दिया? युवाओं के रोजगार क्यों छीन लिए?’’ इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी को माफी मांगनी चाहिए। पूर्वोत्तर को जलाने के लिए…. भारत की अर्थव्यवस्था को तबाह करने के लिए। मैं एक क्लिप अटैच कर रहा हूं।’’ उन्होंने कहा कि उन्नाव में भाजपा के विधायक पर महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप लगे।
पीड़िता की गाड़ी के साथ दुर्घटना घटी। ‘‘नरेन्द्र मोदी जी ने एक शब्द नहीं कहा। कोई कार्रवाई नहीं हुई।’’ स्मृति ईरानी सहित भाजपा महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को चुनाव आयोग पहुंचा और बलात्कार संबंधी टिप्पणी के लिए राहुल गांधी के खिलाफ ‘‘कठोरतम कार्रवाई’’ की मांग की।
ईरानी ने गांधी पर आरोप लगाया कि वह झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बलात्कार का इस्तेमाल एक ‘‘राजनीतिक अस्त्र’’ के तौर पर कर रहे हैं। उधर, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भाषण का संक्षिप्त वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया कि मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
सुरजेवाला ने सवाल किया, ‘‘मोदी जी, जब विपक्ष में हों तो बलात्कार की घटनाओं पर रैली करो, दुष्कर्मों की संख्या गिनवाओ, तालियाँ बजवाओ, इल्ज़ाम लगाओ और सत्ता में आते ही सुर बदल लो। पर जब राहुल गांधी सवाल उठाएँ, तो उनकी सदस्यता ख़त्म करवाओ। क्या यही आपका ‘राज धर्म’ है?’’ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘‘बहुत ही सामान्य सा बयान’’ दिया है और उसके लिए उनके माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।


Download Android App
Download iOS App



