कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल और अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में बाढ़ की स्थिति को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उनसे सहायता मांगी। वायनाड से सांसद राहुल गांधी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के मुताबिक, उन्होंने प्रधानमंत्री से बात की और केरल खासकर वायनाड में बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए हर संभव सहायता की मांग की। उनके ट्विटर हैंडल पर कहा गया है, “प्रधानमंत्री ने आपदा से प्रभावित लोगों के लिए हर जरूरी सहायता का भरोसा दिया है।”

इससे पहले देश कई हिस्सों और केरल में आई भयावह बाढ़ पर चिंता प्रकट करते हुए राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा था कि वह अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में बाढ़ की स्थिति और मदद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



