राहुल ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- ‘अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार’

Summary :

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “देश की सीमा पर जान बिछाते हैं जिनके बेटे, उनके लिए कीलें बिछाई हैं दिल्ली की सीमा पर। अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार!”

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले साल 26 नवंबर से राष्ट्रीय राजधानी की विभिन्न सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों के प्रदर्शन के 100 दिन पूरे होने पर जहां एक तरफ किसान केएमपी एक्सप्रेस वे को ब्लॉक करेंगे। वहीं प्रदर्शन और कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच किसानों के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि किसान सरकार से अपना अधिकार मांग रहे हैं और सरकार उन पर अत्‍याचार कर रही है।

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “देश की सीमा पर जान बिछाते हैं जिनके बेटे, उनके लिए कीलें बिछाई हैं दिल्ली की सीमा पर। अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार!” वहीं इससे पहले शुक्रवार को राहुल ने कहा कि सरकार को कृषि कानून वापस लेने ही होंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बीज बोकर जो धैर्य से फसल का इंतजार करते हैं, महीनों की प्रतीक्षा व खराब मौसम से वे नहीं डरते हैं। तीनों कानून तो वापस करने ही होंगे।’’

उल्लेखनीय है कि पिछले 100 दिनों से दिल्ली के निकट के कई स्थानों पर कई किसान संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी वाला कानून बनाने की है। दूसरी तरफ, सरकार ने तीनों कानूनों को कृषि सुधारों की दिशा में बड़ा कदम करार देते हुए कहा है कि इससे किसानों को लाभ होगा और अपनी उपज बेचने के लिए उनके पास कई विकल्प होंगे।

तमिलनाडु में कल BJP का ‘डोर टू डोर कैंपेन’ लांच करेंगे अमित शाह, चुनावी अभियान को देंगे धार

Desk Team