कोझीकोड : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य और केन्द्र सरकार से केरल बाढ़ प्रभावितों को तुरंत मदद मुहैया कराने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से उन्हें फिर से उनके पैरों पर खड़ा होने में मदद के लिए हर संभव प्रयास का वादा किया।
राहुल ने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित लोगों से मिलने के बाद ट्वीट किया, ‘यह देखना हृदयविदारक है कि वायनाड के लोग कितना कुछ खो चुके हैं। हम उन्हें उनके पैरों पर फिर से खड़ा होने में अपनी पूरी ताकत के साथ मदद करेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने भूतानम में कवालापाड़ा का दौरा किया, जहां भूस्खलन हुआ। कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं और बचाव अभियान जारी हैं लेकिन तुरंत और मदद की जरूरत है।’
गांधी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘मैंने एम ई एस ममपाड़ कॉलेज राहत शिविर का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि हम राज्य और केन्द्र सरकारों से तुरंत मदद पहुंचाने की अपील करेंगे और हर संभव मदद करेंगे।’
इससे पहले गांधी रविवार दोपहर करीपुर हवाई अड्डे पर उतरने बाद सीधे नीलंबुर जिले के कवालापाड़ा गांव पहुंचे, जहां भूस्खलन से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है।
इस दौरान गांधी के साथ केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथला, केरल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष एम रामचन्द्रन और कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल भी थे।
चेन्नीथला ने बताया कि गांधी ने अधिकारियों और स्थानीय लोगों से गांव में हुई ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ की जानकारी मांगी, जहां चार दिन पहले हुए भूस्खलन में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।


Download Android App
Download iOS App



