समर्पित फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) परियोजना में व्यवधान को लेकर 9 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखने के कुछ दिन बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को चार राज्यों-उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकारियों के साथ बैठक की और परियोजना में प्रगति की समीक्षा की।
गोयल ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) प्रबंधन टीम और राज्यों को निर्देश दिए कि वे पश्चिमी डीएफसी (1,504 किलोमीटर लंबा मार्ग) और पूर्वी डीएफसी (1,856 किलोमीटर लंबा मार्ग) के सभी खंडों पर काम की गति बढ़ाने के लिए हरसंभव कदम उठाएं।
मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि समीक्षा बैठक में प्रत्येक राज्य से संबंधित प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई और सभी बाधाओं का समाधान कर सुगम प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसमें कहा गया कि बैठक में राज्यों में भूमि अधिग्रहण के कार्य में प्रगति और रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण को लेकर हुई प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। परियोजना की गति बढ़ाने के लिए सभी राज्यों के अधिकारियों से नियमित बैठक करने और जरूरी होने पर हर रोज बैठक करने का निर्णय किया गया।


Download Android App
Download iOS App



