श्रीगंगानगर : सीमांत श्रीगंगानगर सेक्टर में आज सुबह फिर संदिग्ध ड्रोन दिखा और गोलाबारी हुई जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में गंग कैनाल के बाइफिरकेशन हेड के आसपास सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे तक आधे घंटे धमाकों और गोलियां चलने की आवाज आती रही।
सूत्रों के अनुसार सरहद पर संदिग्ध ड्रोन (यूएवी) दिखाई देने पर यह आवाज आने लगीं। सुबह सवेरे धमाकों और गोलियां चलने की आवाजों से ग्रामीण भयभीत हो गए। दो दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में धमाके और गोलियां चलने की आवाजे आई थी। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ड्रोन को हवा में ही उड़ा (नष्ट) कर दिया गया, लेकिन अभी अधिकृत रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
बीते तीन-चार दिन के दौरान श्रीगंगानगर सेक्टर में सरहद पर संदिग्ध ड्रोन भारतीय सेना द्वारा हवा में ही नष्ट किए जा रहे हैं। अब तक पांच ड्रोन श्रीगंगानगर जिले के साथ लगती सरहद पर मार गिराए हैं।


Download Android App
Download iOS App




