पटना : राष्ट्रवादी जन कांग्रेस-राजकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. शम्भूनाथ सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष डा. बीके मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविनंदन सहाय और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डा. श्यामनंदन शर्मा ने राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद की उस पहल का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने ब्रह्मजन समाज के किसानों, नौजवानों और गरीबों के हक की लड़ाई में सहयोग की पेशकश की है।
लालू प्रसाद ने अपने अधिकृत ट्विटर हैंडल के माध्यम से ब्रह्मजन एवं भूमिहार समाज को अपने हक की लड़ाई में आगे आने का आह्वान किया है। साथ ही अपनी पार्टी की आरे से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है। राजकां ने लालू प्रसाद के इस बयान का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से बिहार ने अगड़े एवं पिछड़े की लड़ाई में बहुत कुछ खोया है।
अब बिहार की जनता यह समझ चुकी है कि जाति और धर्म के नाम पर की जा रही राजनीति से राज्य न सिर्फ कमजोर हुआ है, बल्कि प्रदेश में एक अस्वभाविक सामाजिक और राजनैतिक समीकरण के कारण लोगों ने एक-दूसरे का नुकसान किया है। आज लोग बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजागार एवं भय मुक्त समाज का निर्माण चाहते हैं।
ऐसे में लालू प्रसाद की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है। दूसरी ओर स्वामी सहजानंद सरस्वती विचार केंद्र ने भी लालू प्रसाद की उक्त पहल का स्वागत किया है। पटना महानगर अध्यक्ष कौशलेंद्र मिश्रा, प्रदेश महामंत्री मंजेश शर्माए कमलेश शर्मा और विपीन कुमार ने विश्वास व्यक्त किया है कि लालू प्रसाद की इस पहल से सामाजिक विषमता दूर करने में मदद मिलेगी। राजकां नेताओं ने लालू प्रसाद के अस्वस्थ्य होने पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ्य लाभ की कामना की है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



