भारत के नए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शनिवार को कार्यभार संभालने से पहले नेशनल वॉर मोमोरियल पहुंचे, यहां उन्होंने जवानों को नमन किया और श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख जनरल बिपिन रावत, एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि राजनाथ सिंह दोपहर 12 बजे मंत्रालय का कामकाज संभालेंगे।

नए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने हैं ढेरों चुनौतियां
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष ढेरों चुनौतियों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण चुनौती तीनों सेवाओं के आधुनिकीकरण के काम में तेजी लाना है। उनके लिए अन्य बड़ी चुनौती चीन के साथ लगी सीमाओं पर शांति बनाए रखने की है।
वह रक्षा मंत्री का पद्भार ऐसे समय संभाल रहे हैं जबकि भारत ने तीन महीने पहले पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी शिविरों पर हवाई हमला किया और माना जा रहा है कि सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए भारत इसी नीति पर आगे भी चलेगा।

राजनाथ सिंह को सेना, नौसेना और वायुसेना की युद्धक क्षमताओं को मजबूत बनाने की चुनौती का सामना करना है। इसकी वजह यह है कि क्षेत्रीय सुरक्षा के समीकरणों और भू राजनीतिक परिदृश्य में परिवर्तन आ रहा है।
राजनाथ सिंह के पास पूर्ववर्ती मोदी सरकार में गृह मंत्रालय था लेकिन अब नए मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद उन्हें रक्षा मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। उनसे पहले यह मंत्रालय निर्मला सीतारमण के पास था। अधिकारियों के अनुसार सिंह शनिवार को रक्षा मंत्रालय का पद्भार संभालेंगे।


Download Android App
Download iOS App



