Rajnath Singh On Operation Sindoor: पहलगाम हमले के बाद भारत ने दुश्मनों को धूल चटाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर अभियान चलाया था। इस दौरान भारतीय सेना और स्वदेशी हथियारों ने सटीक हमले करके कई आतंकवादी मौत के घाट उतार दिए थे। अब राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन 2.0 को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र बताया और आतंकवाद की वैचारिक और राजनीतिक जड़ों को जड़ से उखाड़ने का आह्वान किया। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर पर कई बड़े खुलासे किए है।
भारत परमाणु हमले के धोखे में नहीं फंसा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने अपनी शर्तों पर स्वेच्छा से ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया और वह पाकिस्तान के खिलाफ लंबे युद्ध के लिए तैयार था। साथ ही रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत परमाणु हमले के धोखे में नहीं फंसा। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर को याद करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लगभग एक साल हो गया है, और हमारा ऑपरेशन सिंदूर इस नई विश्व व्यवस्था का प्रतीक भी है।
आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
ऑपरेशन सिंदूर एक निर्णायक मोड़ था जिसने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब पुरानी सोच वाला देश नहीं है, जहां हमारी धरती पर आतंकी हमले होने पर हम केवल कूटनीतिक बयान जारी कर देते थे और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हमारी सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही भारतीय सशस्त्र बलों ने अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है और अचानक जरूरत पड़ने पर वे मजबूत स्थिति में हैं।
अपनी शर्तों पर स्वेच्छा से ऑपरेशन सिंदूर को रोका
ऑपरेशन सिंदूर पर राजनाथ सिंह ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि हमने उन ठिकानों को सटीक निशाना बनाया जिन्होंने भारत पर हमला किया था। इस ऑपरेशन को अपनी क्षमताओं में कमी के कारण नहीं रोका, हमने इसे स्वेच्छा से, अपनी शर्तों पर रोका, और यदि आवश्यक हुआ, तो हम एक लंबे युद्ध के लिए पूरी तरह से तैयार थे और हमारे पास अचानक आवश्यकता पड़ने पर अपनी क्षमताओं को बढ़ाने की क्षमता भी थी।


Download Android App
Download iOS App




