लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार से राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल किया। श्री पासवान विधानसभा के सचिव सह निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष दिन के 1:00 बजे राज्यसभा की एक सीट के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल किया।
इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्य के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव एवं ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
केंद्रीय विधि मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद रिक्त हुई राज्यसभा की एक सीट पर श्री पासवान को राजग ने उम्मीदवार बनाया है। इस उपचुनाव के लिए 25 जून तक नामांकन का पर्चा दाखिल किया जाएगा जबकि 26 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
वहीं, 28 जून को नाम वापसी का अंतिम दिन है। ऐसी उम्मीद है कि श्री पासवान निर्विरोध निर्वाचित हो सकते हैं। हालांकि 05 जुलाई को शाम 4:00 बजे तक वोटिंग किए जाने के लिए समय निर्धारित है। यदि कोई इस सीट से उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल करता है तो ऐसे में फिर मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



