रोहित पवार ने पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनके निधन की सीबीआई जांच की मांग की

Summary :

पुणे, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय पुणे दौरे के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार को लेकर एक बार फिर बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने मांग की है कि पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखा जाए और उनके निधन की सीबीआई जांच कराने की घोषणा भी की जाए। रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की…

पुणे, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय पुणे दौरे के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार को लेकर एक बार फिर बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने मांग की है कि पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखा जाए और उनके निधन की सीबीआई जांच कराने की घोषणा भी की जाए।

रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं। उन्होंने प्रतिमा स्थापित करने के लिए जिला परिषद के उन नेताओं का आभार जताया, जो अजित पवार को मानते थे।

हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार की वजह से राज्य सरकार में मंत्री पद का लाभ उठाने वाले नेताओं को पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं करनी चाहिए? रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का अमूल्य योगदान रहा है। वह एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री भी रहे। इसके बावजूद किसी बड़े प्रोजेक्ट को उनका नाम नहीं देने के पीछे कुछ लोगों की क्या भूमिका है, यह सवाल उठता है।

उन्होंने कहा कि अजित पवार के योगदान को केवल प्रतिमा के अनावरण तक सीमित रखने के बजाय पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने और उनके निधन की सीबीआई जांच की घोषणा अमित शाह को करनी चाहिए।

रोहित पवार ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो अजित पवार की पुण्यतिथि के दिन पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार की मौत हादसा थी या साजिश, इसका सच सामने लाने के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे।

–आईएएनएस

एएसएच/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.