कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता द्वारा उनके खिलाफ दायर मानहानि के एक मुकदमे में आज ठाणे जिले की एक कोर्ट के समक्ष पेश हुए। हालांकि राहुल ने ठाणे की अदालत में आरएसएस कार्यकर्ता की ओर दायर मानहानि मामले में खुद को बेकसूर बताया। राहुल महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। जानकारी के मुताबिक राहुल को 11 बजे ठाणे में भिवंडी कोर्ट में पेश होना था। अदालत ने वर्ष 2014 में आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंते द्वारा दायर मानहानि के एक मामले में बयान दर्ज कराने के लिए राहुल को अदालत में पेश होने का दो मई को आदेश दिया था।
कुंते ने एक चुनावी रैली में राहुल गांधी का भाषण देखने के बाद मुकदमा दायर किया था। अपने भाषण में राहुल ने कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ था। महाराष्ट्र के दो दिन के दौरे में राहुल बृहन्मुंबई महानगरपालिका में पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों को संबोधित कर सकते हैं। कल दिल्ली लौटने से पहले उनका विदर्भ के चन्द्रपुर में चावल की खेती में क्रांति लाने वाले दादाजी खोबरागडे के परिजन से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। लंबी बीमारी के बाद 78 वर्षीय खोबरागडे का इस महीने निधन हो गया था।
मीडिया में राहुल के राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करने की खबरें आ रही है लेकिन उनके कार्यक्रम में ऐसी किसी बैठक का जिक्र नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘दोनों दलों के शीर्ष नेता किसी भी समय मुलाकात कर सकते हैं। लेकिन ऐसी कोई बैठक आज एजेंडे में नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल जी आज सुबह अदालत में पेश होंगे, दोपहर को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा कांग्रेस पार्षदों से बातचीत करेंगे।’’
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



