बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस लगातार हमलावर की तलाश कर रही है। लेकिन, हमलावर को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है। इस बीच हमलावर की एक और तस्वीर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर सैफ के घर और बांद्रा के लकी होटल इलाके से सीसीटीवी फुटेज की है। यह तस्वीर सुबह 8 बजे की है। इस तस्वीर में हमलावर ने अपना हुलिया बदल लिया है। वह आसमानी रंग की शर्ट पहने नजर आ रहा है। पुलिस अभी तक उसे पकड़ नहीं पाई है। उसे पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 35 टीमों को लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर के मुंबई के बांद्रा थाने और रेलवे स्टेशन के बीच घूमने के दौरान यह तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस टीमें सघनता से इस मामले की जांच में जुटी हुई हैं। इस बीच अभिनेता शाहरुख खान के घर मन्नत की दीवार के बाहर सीढ़ी लगाकर अंदर झांकते एक अज्ञात शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो 14 जनवरी का है, यानी सैफ अली खान पर हुए हमले दो दिन पहले का, जो अभिनेता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इस वीडियो में एक अनजान शख्स बॉलीवुड सुपरस्टार के घर के बाहर से सीढ़ी लगाकर दीवार के अंदर झांकने की कोशिश कर रहा है।
अज्ञात शख्स का वीडियो वायरल
हालांकि दीवार पर कंटीले तार की वजह से वह बहुत ही संभाल कर दीवार पर चढ़ने की कोशिश कर रहा है। वह व्यक्ति जैसे ही अंदर झांकता है, बंगले के अंदर मौजूद कुत्ते भौंकने लगते हैं। इस पर घर की सुरक्षा में लगे गार्ड चौकन्ने हो जाते हैं। गार्ड जब बाहर जाकर देखते हैं तो वह शख्स भाग जाता है, लेकिन उन्हें सीढ़ी मिलती है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इस घटना अलग-अलग मायने लगाए जा रहे हैं क्योंकि शाहरुख खान का भी बंगला उसी बांद्रा इलाके में है, जहां सैफ अली खान पर घर में घुसकर हमला किया गया।


Download Android App
Download iOS App



