UPA सरकार के कार्यकाल में पायलट बने थे अभिनंदन : सलमान खुर्शीद

Summary :

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की बहादुरी की तारीफ करते हुए ट्वीट किया है कि उनकी नियुक्‍ति यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुई थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को लेकर विवादित ट्वीट किया जिसके बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की बहादुरी की तारीफ करते हुए ट्वीट किया है कि उनकी नियुक्‍ति यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुई थी।

पाकिस्तान के फाइटर विमान को मार गिराने वाले बहादुर वायुसेना विंग कमांडर अभिनंदन की शुक्रवार देर रात वापसी के बाद हर कोई उनके साहस और निडरता के आगे शीश नमन कर रहा है। देश के लिए बहादुरी का उदहारण बने कमांडर अभिनंदन को लेकर सलमान खुर्शीद ने ट्वीट किया, ‘दुश्‍मन की आक्रामकता के सामने भारतीय प्रतिरोध के चेहरे विंग कमांडर अभिनंदन को बहुत-बहुत बधाई।

संकट के समय उन्‍होंने शानदार संतुलन और आत्‍मविश्‍वास दिखाया। हमें इस बात का गर्व है कि वह वर्ष 2004 में एयरफोर्स में शामिल हुए और संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के शासनकाल के दौरान एक मैच्‍योर फाइटर पायलट बने।’

गौरतलब है की इससे पहले भी सलमान खुर्शीद ने श्रीदेवी के निधन पर भी कुछ ऐसा ही ट्वीट कर अलोचना का सामना किया था। उस दौरान सलमान खुर्शीद ने ट्वीट पर दुख जताते हुए कहा था कि 2013 में यूपीए सरकार के दौरान ही उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

Desk Team