Sansad Khel Mahotsav: राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नशे और ऑनलाइन गेम्स जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत–हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का सशक्त आधार हैं, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Sansad Khel Mahotsav

रविवार को एमएम कॉलेज, फतेहाबाद में आयोजित सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव के फाइनल मुकाबलों एवं समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। यदि युवा खेल के मैदान से जुड़ा रहेगा तो वह स्वतः ही नशे, मोबाइल की लत और ऑनलाइन गेम्स जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें, हार–जीत को सहज रूप से स्वीकार करें और निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ें।
Subhash Barala News
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेलों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया जैसी महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है, वहीं हरियाणा सरकार की खेल नीति आज देश के लिए एक आदर्श बन चुकी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को पारदर्शी चयन प्रणाली, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल ढांचा और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान व प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति के कारण प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का बढ़ता योगदान इस नीति की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही खेल छात्रवृत्तियां, सरकारी नौकरियों में आरक्षण और नकद पुरस्कार युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
Sansad Khel Mahotsav News

सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन केंद्र और राज्य सरकार की खेल नीतियों को जमीनी स्तर पर साकार करने का माध्यम हैं। इन आयोजनों से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद ने विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबलों में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने आयोजकों, कोचों, निर्णायकों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह खेल महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।राज्यसभा सांसद ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल के माध्यम से अपने जीवन को स्वस्थ, अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण बनाएं तथा देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुला, एमएम कॉलेज प्राचार्य गुरचरण सिंह, एसई ओपी बिश्नोई, डीएसओ विष्णुदास, भीम लांबा, एईओ अनूप सिंह, जयदीप बराला, सुधीर तनेजा, शम्मी ढींगरा, कंवल चौधरी, कालू बरसीन, चिरंजी लाल ढाँड, किशोरी लाल नारंग, महेंद्र मूटरेजा, राकेश भाम्भू, जीतू फुला, लायक राम गढ़वाल, विक्रम शर्मा सहित संगठन पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App




