लखनऊ, 25 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी नेता उदयवीर सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के बयान सहित कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए कांग्रेस की ओर से यूपी में सम्मानजनक समझौते को लेकर उदयवीर सिंह ने कहा, “सपा सम्मान और अपमान से ऊपर है। हम लोगों की ओर से सभी साथियों का सम्मान किया जाता है। दोनों दलों के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से जो तय किया जाएगा, उसके हिसाब से होगा।
उदयवीर सिंह ने कहा, “भाजपा की ओर से दिमागी नक्सल से लेकर वंदे मातरम, हिंदू-मुस्लिम, और मछली जैसे मुद्दे क्यों उठाए जाते हैं? क्योंकि कोई उनसे ये न पूछ ले कि पिछले 10 बजट कहां चले गए, सड़कों में भ्रष्टाचार किया गया, और एक्सप्रेसवे रोज क्यों टूट रहे हैं? बेरोजगार सड़कों पर लाठी खा रहे हैं। छात्रों के लिए ठीकठाक स्कूल और पेय जल की व्यवस्था वहीं हो पा रही है। इन सवालों से बचने के लिए ऐसे मुद्दे लाए जाते हैं।
मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर अविमुक्तेश्वरानंद की प्रतिक्रिया पर उदयवीर सिंह ने कहा, “शंकराचार्य हिंदू धर्म के ज्ञाता हैं और राहुल गांधी एक राजनीतिक व्यक्ति हैं। दोनों लोगों का अपना-अपना सोचने का तरीका है। राजनीतिक व्यक्ति संविधान के दायरे में बराबरी, हक और न्याय के बारे में सोचता है। धार्मिक व्यक्ति धर्मशास्त्रों में क्या लिखा है उसके हिसाब से सोचता है। दोनों की अपनी-अपनी समझ और सोच है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के बयान पर उदयवीर सिंह ने कहा, “इसमें कुछ कानूनी मसले हैं। अगर सरकार उन्हें सुलझाना चाहती, तो सुलझा सकती थी। हमारी पार्टी ने पहले ही प्रस्ताव दिया था कि एक ऐसी आईडी होनी चाहिए, जो टैम्पर-प्रूफ हो, ताकि कोई उसे आसानी से बदल, कॉपी या नकली न बना सके। लेकिन चुनाव आयोग के विवादित फैसलों और उसकी विवादित छवि के कारण देश में वोटरों का भरोसा बहुत कम हो गया है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। चुनाव कराने वाली संस्था की विश्वसनीयता बहुत जरूरी है, क्योंकि जब संस्था निष्पक्ष रूप से चुनाव कराएगी, तभी लोगों का उस संस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा होगा।”
कैबिनेट मीटिंग पर उन्होंने कहा, “जब मीटिंग में लिए गए फैसलों का ऐलान होगा, तो हम इस आधार पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे कि क्या अच्छा है और क्या नहीं। हमें इस सरकार से किसी अच्छी चीज की उम्मीद नहीं है। एक बार जब हम देख लेंगे कि क्या बदलाव किए गए हैं, तभी अपनी प्रतिक्रिया देना सही होगा।”
हिजाब को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले पर सपा नेता ने कहा, “उच्च न्यायालय के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ही कुछ कर सकता है। बाकी सभी लोग न्यायालय का सम्मान करते हैं और सभी को फैसला मानना होता है।
–आईएएनएस
एसडी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



