मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि जेन-जी अच्छी स्कूली शिक्षा व्यवस्था, बेहतर अस्पताल, सुविधाजनक ट्रांसपोर्ट और भ्रष्टाचार का खात्मा चाहते हैं। अगर सरकार सही तरीके से अपना काम करे तो ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ प्रोग्राम की जरूरत न पड़े। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हॉकी जीत पर खुशी व्यक्त की है।
केंद्र के ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ प्रोग्राम पर आनंद दुबे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद सरकार समझ गई है कि वह भारत के जेन-जी को हल्के में नहीं ले सकती। लोग क्या मांग रहे हैं? वे अच्छी स्कूली शिक्षा व्यवस्था, बेहतर अस्पताल, सुविधाजनक ट्रांसपोर्ट और भ्रष्टाचार का खात्मा चाहते हैं। लोग बस यही चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि जेन-जी बातचीत नहीं चाहते। वे चाहते हैं कि सरकार असरदार ढंग से काम करे। अगर मंत्री अपने विभाग का अच्छी तरीके से काम कर देंगे तो संवाद की नौबत नहीं आएगी। जब लोग दुनिया और भारत को देखते हैं तो उन्हें लगता है कि हमारे यहां भी यूरोप और अमेरिका जैसी सड़कें और दुबई जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि अब भारत बदलेगा और शिक्षा व्यवस्था दुर्गति होने से बच जाएगी। पढ़ेगा भारत तभी बढ़ेगा भारत।
दरअसल, केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद बढ़ाने के लिए ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ पहल शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत हर दिन एक केंद्रीय मंत्री किसी विश्वविद्यालय का दौरा कर छात्रों से आमने-सामने बातचीत करेंगे। छात्रों की समस्याएं और चिंताएं सुनने के साथ देश से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय जानेंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
भारत की हॉकी जीत पर आनंद दुबे ने कहा, “मैं भी यही कह रहा हूं, पाकिस्तान हारने के लिए ही बना था। पाकिस्तान हमसे मुकाबला नहीं कर सकता, चाहे वह मैच हो, सैन्य टकराव हो, सांस्कृतिक या फिल्मी मंच हो, या राजनीतिक नेताओं वाला कोई भी मंच हो। हम हमेशा आगे रहे हैं, और हमेशा आगे ही रहेंगे।”
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



