नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। एसईसीएल ने असिस्टेंट फोरमैन सहित विभिन्न 1,055 पदों पर बंपर वैकेंसी निकाली है।
एसईसीएल ने जिन 1,055 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें माइनिंग सरदार (टीएंडएस) ग्रेड-सी के 577, डिप्टी सुपरवाइजर (टीएंडएस) ग्रेड-सी (खनन) के 43 और असिस्टेंट फोरमैन (इलेक्ट्रिकल) ग्रेड-सी के 435 पद शामिल हैं।
एसईसीएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल के सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से माइनिंग सरदार पद के लिए मैट्रिकुलेशन/माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा/माइनिंग इंजीनियरिंग में डिग्री के साथ वैध माइनिंग सरदारशिप, गैस टेस्टिंग और प्राथमिक चिकित्सा सर्टिफिकेट होना चाहिए।
डिप्टी सुपरवाइजर पद के लिए माइनिंग/माइन सर्वेक्षण इंजीनियरिंग में मैट्रिकुलेशन/डिग्री या डिप्लोमा के साथ सुपरवाइजर का योग्यता प्रमाण पत्र, और असिस्टेंट फोरमैन (इलेक्ट्रिकल) पद के लिए कैंडिडेट्स के पास इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मैट्रिकुलेशन के साथ 3 वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए।
इसी के साथ उम्मीदवारों के पास संबंधित पद अनुसार अन्य निर्धारित पात्रता, स्किल और अनुभव का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 8 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), पर्सनल इंटरव्यू, स्वास्थ्य/चिकित्सा फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 47,330 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर)/ओबीसी (क्रीमी लेयर और नॉन-क्रीमी लेयर)/ईडब्लूएस के लिए 1,180 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/ईएसएम/पीडब्ल्यूबीडी/विभागीय उम्मीदवार और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोज करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
–आईएएनएस
डीके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



