आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश में भाजपा के अभियान का शंखनाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजदीकी धार कस्बे में आज यानि मंगलवार को पार्टी की सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने बताया कि PM मोदी इंदौर से करीब 65 किलोमीटर दूर धार में पार्टी की ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित करेंगे ।
इसके साथ ही, सूबे में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के अभियान की औपचारिक शुरुआत हो जायेगी। उन्होंने बताया कि मोदी की रैली में मुख्यतः धार और रतलाम-झाबुआ लोकसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। दोनों लोकसभा सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं और पश्चिमी मध्य प्रदेश के इन इलाकों में बड़ी आदिवासी आबादी निवास करती है।
गौरतलब है कि सूबे में गत नवंबर में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा की 15 साल पुरानी सत्ता चली गयी थी और विजयी कांग्रेस इतने ही बरस बाद सत्ता में लौटी थी। भाजपा की इस चुनावी हार के बाद धार में मोदी की मंगलवार को होने वाली रैली को सियासी लिहाज से अहम आंका जा रहा है। प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। वर्ष 2014 के पिछले चुनावों में भाजपा ने इनमें से 26 सीटें जीती थीं, जबकि शेष तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गई थीं।
गुजरात दौरे का दूसरा दिन
वही, PM मोदी के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन है। वह आज गांधीनगर के निकट अन्नपूर्णा मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के बाद अहमदाबाद में श्रमिकों के पेंशन से जुड़ प्रधानमंत्री श्रमजीवी मानधन पेंशन योजना का भी उद्घाटन करेंगे। अपना गुजरात दौरा खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे।


Download Android App
Download iOS App




