कोरोना टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में हर्षवर्धन समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने लगवाया टीका

Summary :

आज कोरोना टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण का दूसरा दिन है। दूसरे चरण में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन समेत कई मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है।

भारत में कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान जारी है। कोविड-19 टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण सोमवार, एक मार्च से शुरू हुआ। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारी से पीड़ित 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को टीके की पहली खुराक दी जाएगी। 
आज कोरोना टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण का दूसरा दिन है। दूसरे दिन केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है। ‘दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट’ में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन तथा उनकी पत्नी ने मंगलवार को कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली।
हर्षवर्धन ने सोमवार को 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 और उससे अधिक आयु के लोगों से अपील की थी कि वे तत्काल टीका लगवाए। उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण के कारण देश में अब तक किसी की भी मौत नहीं हुई है और अपील की है कि लोग टीके को लेकर संदेह न करें। 
हर्षवर्धन ने कहा था कि यदि टीका लेने के कुछ दिनों बाद किसी की मौत होती है, तो इसे टीकाकरण से नहीं जोड़ा जा सकता है क्योंकि ऐसे प्रत्येक मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर में कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज ली। 
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने लगवाया टीका
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कोविड-19 का टीका लगवाया। शास्त्री ने सहयोग और समर्थन के लिए अपोलो अस्पताल के स्टाफ को धन्यवाद दिया। वह 58 वर्ष के हैं। इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 टीके की पहली डोज लग गई। चिकित्सा पेशेवरों और वैज्ञानिकों को धन्यवाद जिन्होंने महामारी के खिलाफ भारतीय झंडा बुलंद किया।’’
तेलंगाना केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी ने भी कोविड-19 वैक्सीन का पहला डोज लिया। मंत्री का टीकाकरण उनके संसदीय क्षेत्र सिकंदराबाद के सरकारी अस्पताल गांधी अस्पताल में हुआ। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एटाला राजेंदर के साथ आए रेड्डी ने इन दोनों श्रेणियों में आने वाले लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के वैक्सीन लें। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि टीकाकरण को लेकर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं पर विश्वास न करें। रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं ने देश को महामारी से मुक्त बनाने के लिए खुद टीकाकरण कराके लोगों को प्रेरणा दी है।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद फारूक अब्दुल्ला ने भी कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक ली। वहीँ अभिनेता और मक्कल नीडि माईम के अध्यक्ष कमल हासन ने चेन्नई में वैक्सीन की पहली खुराक ली। 

Desk Team