पटना : राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अपने गुनाहों पर पर्दा डालना बताया हैै। श्री पांडेय ने कहा कि पिता के कंधे पर चढ़कर राजनीतिक मेला देखने वाले तेजस्वी को सरकार पर रिपोर्ट जारी करने से पहले बिहार के विकास दर से अवगत हो लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी का आरोप पत्र सही मायने में फर्जी पत्र है।
श्री पांडेय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार का विनाश नहीं विकास की गंगा बह रही है और राज्य की जनता सकून महसूस कर रही है। सात निश्चय से लेकर सभी योजनाओं पर सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। बिहार को रसातल में ले जाने वालों के परिवार के मुंह से राजग सरकार पर बिहार को डुबाने का आरोप तथ्य से परे है। श्री पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य हो या सड़क राजद सरकार की तुलना में गुणात्मक सुधार हुआ है।
अस्पताल के दिन बहुरे हैं और मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। सड़कों का निर्माण हो रहा है, गली-गली सड़कों का जाल बिछा, सुदूर क्षेत्रों में बिजली पहुंचाया गया और ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जा रहा है। श्री पांडेय ने तेजस्वी को याद दिलाते हुए कहा कि विकास को ताख पर रख बिहार का दोहन और शोषण करने वाले कोई और नहीं आपके पापा ही थे।
यही नहीं पापा ने जेल जाने के बाद आपकी मम्मी को मुखौटा बना 15 सालों तक अनवरत बिहार को लूटने का काम किया। इसलिए उनका विकास पर प्रवचन जनता के साथ बेमानी है। श्री पांडेय ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड में तेजस्वी को संपत्ति सृजन कार्ड के अलावा भ्रष्टाचार और राजद के जंगलराज शासन का भी जिक्र करना चाहिए। तेजस्वी को पहले अपने पंद्रह सालों के स्याह शसान का रिपोर्ट कार्ड जारी करना चाहिए तब जनता के बीच सरकार की खामियों को गिनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार न्याय के साथ बिहार के समग्र विकास लिए समर्पित है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



