भारतीय जनता पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत दिए गए विशेष दर्ज के कारण वहां अलगाववाद पनप रहा था। उन्होंने कहा, “जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 का विषय लंबे समय से चला आ रहा था और उसकी वजह से ही राज्य में अलगाववाद पनप रहा था। जम्मू कश्मीर के भारत की मुख्यधारा में होने के बावजूद वहां अलगाववादी ताकतें सिर उठाकर समस्याएं पैदा कर रही थीं।”
उन्होंने कहा, “अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों के हटने और 35ए के समाप्त होने से अब जम्मू कश्मीर मुख्यधारा में पूरी तरह से शामिल होकर अंखड भारत को आगे बढ़ाने में योगदान करेगा। इसके लिये मैं संसद के सभी सदस्यों को भी धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृढ़ संकल्प तथा गृह मंत्री अमित शाह ने जिस ताकत और दृष्टि को ध्यान में रखकर इस काम को पूरा किया है, वह धन्यवाद के पात्र है। देश हमेशा उनके इस कार्य की सराहना करेगा।”
कश्मीर मामले में किसी को तकलीफ उठाने की जरूरत नहीं : मुख्तार अब्बास नकवी
पार्टी के ‘संपर्क अभियान’ पर निकले नड्डा ने जम्मू कश्मीर में सेवाएं दे चुके सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों से यहां मुलाकात की। नड्डा लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त विशंभर सिंह के घर गए और जम्मू कश्मीर के विकास के लिए उनकी राय ली।
नड्डा ने कहा, “उनके सुझाव बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि उन्होंने लंबा समय भारत की सुरक्षा में लगाया है। उनके सुझावों को भी हम अपने साथ आत्मसात करके आगे बढ़ेंगे।” इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया एवं भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



