नारायण साईं को SC से झटका, जमानत व सजा रोक वाली याचिका खारिज, गुजरात HC को 3 महीने में फैसला लेने का निर्देश

Summary :

गुजरात के चर्चित 2013 रेप केस में सजा काट रहे नारायण साईं को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। अदालत ने जमानत और सजा पर रोक की याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए गुजरात हाईकोर्ट को 3 महीने में फैसला करने का निर्देश दिया है।

SC on Narayan sai

SC on Narayan sai : 2013 के रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम के बेटे नारायण साईं को सुप्रीम कोर्ट से कोई फौरी राहत नहीं मिली है।

शीर्ष अदालत ने नारायण साईं की जमानत और सजा पर रोक की मांग वाली याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए मामला वापस गुजरात हाईकोर्ट भेज दिया है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि वह 3 महीने के भीतर नारायण साईं की मुख्य अपील पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुनाए।

अदालत ने यह भी साफ किया कि याचिकाकर्ता और राज्य सरकार, दोनों को इस प्रक्रिया में सहयोग करना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की कि 3 महीने बाद यह मामला दोबारा उनके सामने आ सकता है, इसलिए वे अभी इसके तथ्यों में गहराई से नहीं जाना चाहते।

12 साल से लंबित है मामला: बचाव पक्ष

सुनवाई के दौरान नारायण साईं के वकील एन हरिहरन ने दलील दी कि सजा को 12 साल बीत चुके हैं, लेकिन हाईकोर्ट में अपील का जल्द निपटारा नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि पहली नजर में अपराध भी साबित नहीं होता और पिछली बार के निर्देशों के बावजूद मेरिट के आधार पर उनकी बात नहीं सुनी गई। वकील ने हाईकोर्ट के पिछले आदेश में की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि उनका मुवक्किल केस लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हाईकोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती

नारायण साईं ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें अदालत ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी थी और सजा पर रोक लगाने से मना कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद पूरी नजर गुजरात हाईकोर्ट पर टिक गई है, जहां 3 महीने के अंदर इस मामले का भविष्य तय होना है।

यह भी पढ़ें – ‘आरक्षण में आर्थिक आधार पर सब-कोटा सही नहीं’ – सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने SC/ST पर ‘क्रीमी लेयर’ थोपने की मांग वाली याचिका का किया विरोध

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।