प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं को शाह ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

Summary :

NULL

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कुछ राज्यों में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि भाजपा खुलेपन और रचनात्मक राजनीति के प्रति हमेशा ही प्रतिबद्ध रहेगी जिससे इसका लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़े। शाह ने अपने ट्वीट में कहा कि उन्होंने त्रिपुरा, तमिलनाडु में पार्टी इकाइयों से बातचीत की है और प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना में पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता शामिल पाया गया तो उसे कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”हमारा मुख्य ध्येय लोगों के जीवन में परिवर्तनकारी बदलाव लाना और न्यू इंडिया का निर्माण करना है । हमें इस बात का गर्व है कि हमारी विचारधारा और कार्य ने हमें पूरे भारत में लोगों से जोड़ने का काम किया है और हमारे गठबंधन की सरकार 20 से अधिक राज्यों में है ।”

शाह ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि कुछ राज्यों में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं हुईं जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और एक पार्टी के तौर पर हम ऐसी घटनाओं का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा,”एक पार्टी के तौर पर भाजपा का मानना है कि भारत में विविध विचार और विचारधारा सहअस्तित्व के साथ रह सकते हैं। ऐसा ही विचार हमारे संविधान निर्माताओं ने इस महान देश के लिये देखा था । भारत की विविधता और जीवंत भावना पर चर्चा ही हमें मजबूती प्रदान करती है।”

गौरतलब है कि सोमवार को दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया में लेनिन की प्रतिमा को बुल्डोजर की मदद से गिरा दिया गया था। त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई है और इसके साथ ही वाम सरकार 25 साल बाद यहां की सत्ता से बाहर हुई है। तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में कल रात समाज सुधारक एवं द्रविड़ आंदोलन के संस्थापक ई वी रामासामी पेरियार की प्रतिमा कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर दी गई। पश्चिम बंगाल से श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को निशाना बनाये जाने की खबर है ।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team