शिवसेना सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उनसे प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना में ‘‘खामियों’’ को दूर करने का आग्रह किया। सांसदों ने शिकायत की कि महाराष्ट्र में कई किसानों को फसल बीमा योजना के तहत उनके नुकसान के लिए पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों से ज्यादा बीमा कंपनियों का फायदा हुआ है। लोकसभा में शिवसेना के नेता विनय राउत ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि मुआवजा पिछले पांच वर्षों में सबसे अच्छे फसल उत्पादन पर आधारित होना चाहिए।
बुलढाणा से पार्टी के सांसद प्रतापराव जाधव ने कहा कि बीमा कंपनियों के ब्लॉक और जिला स्तर पर भी कार्यालय होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे अपने दावों को दर्ज कराने में किसानों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसान इंटरनेट सुविधाओं के अभाव में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान 24 घंटे में अपने दावों को ऑनलाइन दर्ज नहीं करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि किसानों के लिए बीमा योजना को अनिवार्य किया जाए। जाधव ने कहा, ‘‘यह योजना नई है और इसमें कई खामियां है जिसे दूर किया जाना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



