कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की गई गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बदले की राजनीति के तहत कांग्रेस के नेताओं को निशाना बना रही है।
सिद्धारमैया ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार एक के बाद एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार करके पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा चाहती है कि विपक्ष की कोई पार्टी नहीं बचे लेकिन यह लोकतंत्र में संभव नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी के खिलाफ राज्य भर में धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। गिरफ्तारी के लिए कोई समन नहीं जारी किया गया था और शिवकुमार को गिरफ्तार करने की जरूरत भी नहीं थी क्योंकि वह पिछले चार दिनों से जांच अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “भाजपा ने दावा किया है कि शिवकुमार की गिरफ्तारी से कुछ लेना-देना नहीं है। हमें मालूम है कि वह कांग्रेस नेताओं को परेशान करने के लिए ईडी और आयकर जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदंबरम और शिवकुमार के मामले भिन्न हैं,लेकिन उनकी गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है।”

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को शिवकुमार की गिऱफ्तारी के बाद उनके विधानसभा क्षेत्र कनकपोरा में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कुछ स्थानों पर गाड़ियों में तोड़फोड़ की और राज्य परिवहन की एक बस को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा है।
कर्नाटक कांग्रेस ने आज पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन का एलान भी किया है। कर्नाटक में कांग्रेस के संकटमोचन माने जाने वाले शिवकुमार को ईडी ने मंगलवार को गिऱफ्तार कर लिया है। उन्हें मनी लॉंडरिंग के मामले में गिऱफ्तार किया गया। कांग्रेस ने इसे बदले की कार्रवाई करार दिया है।


Download Android App
Download iOS App



