Singer Hansraj Hans की पत्नी रेश्मा कौर का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

Summary :

हंसराज हंस की पत्नी रेश्मा कौर का निधन, दिल का दौरा बना कारण

मशहूर गायक हंसराज हंस की पत्नी रेश्मा कौर का बुधवार को निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रही रेश्मा ने जालंधर के टैगोर अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को सफीपुर गांव में होगा।

मशहूर गायक हंसराज हंस की पत्नी रेश्मा कौर का बुधवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने 60 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार गायक की पत्नी रेशमा का जालंधर स्थित टैगोर अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्हें हृदय संबंधित दिक्कतें थी। गायक की पत्नी के निधन को लेकर रेशमा के भाई परमजित सिंह ने बताया, “ 2 बजे के करीब टैगोर अस्पताल में बहन ने अंतिम सांस ली। बहन का हार्ट अटैक से निधन हुआ है। बहन का अंतिम संस्कार गुरुवार की सुबह 11 बजे सफीपुर गांव में होगा।”

उन्होंने बताया कि पिछले 5 दिनों से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इस दौरान हंसराज और उनके बेटे के साथ ही परिवार के अन्य सदस्य भी जालंधर में ही मौजूद थे। हंसराज हंस ने रेशमा से 18 अप्रैल 1984 में शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं। बड़े बेटे का नाम युवराज हंस और छोटे बेटे का नाम नवराज हंस है। बता दें, हंसराज गायक के साथ ही भाजपा से सांसद भी रह चुके हैं। वह साल 2016 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। दिल्ली से भाजपा ने हंसराज हंस को टिकट दिया था, जिस पर उन्होंने जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हंसराज को पंजाब के फरीदकोट से भाजपा ने टिकट दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पद्म श्री से सम्मानित हंसराज हंस के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह ‘तेरा मेरा प्यार’, ‘तेरी इश्क मोहब्बत’, ‘इक कुड़ी मेनु रांझे से फकीर कर गई’ जैसे गीत शामिल हैं। हंसराज फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी गाने गा चुके हैं। फिल्म बॉबी देओल-रानी मुखर्जी स्टारर ‘बिच्छू’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘नायक’, ‘ब्लैक एंड व्हाइट’, ‘पटियाला हाउस’ के साथ ही कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ में भी वह गाना गा चुके हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.